लखनऊ। निर्माण साइटों पर हो रही बिजली चोरी के संबंध में पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने राजधानी के चारों जोनल मुख्य अभियंताओं से अस्थायी बिजली कनेक्शनों का हिसाब मांगा है। अध्यक्ष ने तीन तरह की जानकारी के संबंध में रिपोर्ट तलब की है।
अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को निर्माण साइटों पर बिजली चोरी शीर्षक से खबर प्रकाशित कर विभागीय व मीटर कंपनी के कर्मियों के घालमेल और मिलीभगत का खुलासा किया था। अध्यक्ष ने इस पर संज्ञान लेकर जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने कहा कि अमौसी, लखनऊ सेंट्रल, जानकीपुरम, गोमतीनगर के जोनल मुख्य अभियंता रिपोर्ट दें कि ऐसे कितने अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं, जिन्हें पहले ही दिन मीटर के साथ जोड़ा गया। इनकी बिलिंग दूसरे महीने से हुई या फिर बाद में। ऐसे कितने अस्थायी बिजली कनेक्शन हैं, जिन पर मीटर बाद में लगे और कितने बिना मीटर के चल रहे हैं। रिपोर्ट में जनवरी से 15 जुलाई तक दिए गए अस्थायी कनेक्शनों का विवरण होना चाहिए। जोनल मुख्य अभियंताओं को रिपोर्ट हफ्ते भर में भेजनी पड़ेगी। उधर, बिजली चोरी के खुलासे पर इलाकाई इंजीनियरों ने भी चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।