नेता सदन ने कहा, उम्मीद थी कि इस परिचर्चा में विपक्ष भी भाग लेगा, लेकिन दुर्भाग्य से इस अवसर पर भी विपक्ष राजनीति करने से बाज नहीं आया। विधान परिषद की लगातार 36 घंटे चलने वाली यह कार्यवाही इतिहास में दर्ज होगी। साथ ही यह भी दर्ज होगा कि कुछ ऐसे लोग भी थे, जो बापू की जयंती पर भी विचार रखने नहीं आए।
एक दिन झाड़ू लगाने की रस्मअदायगी से नहीं चलेगा काम
अपना दल के आशीष पटेल ने गांधीजी के स्वच्छता, स्वावलंबन, स्वदेशी और सर्वोदय संबंधी विचारों पर प्रकाश डाला। कहा कि विशिष्ट लोगों के सिर्फ एक दिन झाड़ू लगाने की रस्मअदायगी से काम नहीं चलेगा। इसके लिए सतत प्रयास करने होंगे।
सैकड़ों स्कूल सिर्फ एक शिक्षक के सहारे
शिक्षक दल के सदस्यों ने कहा, सरकार कह रही है कि हमने अपराधी खत्म कर दिए हैं, लेकिन यह गांधीजी के विचारों से मेल नहीं खाता। गांधीजी कहा करते थे कि अपराध खत्म करो, अपराधी नहीं। सदस्य राजबहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि आज भी सैकड़ों उच्च प्राथमिक स्कूल ऐसे हैं, जहां सिर्फ एक ही शिक्षक कार्यरत है। उन्होंने जल प्रदूषण पर भी चिंता जताई। सदस्य जगवीर किशोर जैन ने गांधी के देश में भीड़ हिंसा पर चिंता जताई।
कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने कहा कि अगले पांच साल में प्रदेश में सौर ऊर्जा से 10 हजार मेगावाट बिजली पैदा करेंगे। प्रदेश में तेजी से निवेश बढ़ रहा है। रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। हम किसी बड़े उद्योगपति का नाम लेकर निशाना साधने में यकीन नहीं रखते। न ही हमें उद्योगपतियों से वार्ता करने में कोई गुरेज है। हां, हम उन्हें कोई भी गलत काम नहीं करने देते।
राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने कहा कि गांधीजी ने हमें अस्पृश्यता और आत्मानुशासन का पाठ पढ़ाया। आजादी के बाद आई सरकारों ने बापू के सिद्धांतों को भुला दिया।