लविवि के दीक्षांत में मुख्य अतिथि होंगे नीति आयोग के उपाध्यक्ष
नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने दी मुख्य अतिथि बनने की मंजूरी
मिशन चंद्रयान-2 की निदेशक रितु करिधल श्रीवास्तव को मिलेगी मानद उपाधि
लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। छात्रों को डिग्री और पदक देने के साथ ही 14 अक्तूबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में मिशन चंद्रयान-2 की निदेशक रितु करिधल श्रीवास्तव को मानद उपाधि दी जाएगी। उन्होंने भी इसकी औपचारिक सहमति दे दी है। दीक्षांत समारोह में इनकी उपस्थिति इस लिहाज से भी खास है कि ये दोनों लविवि के ही पूर्व विधार्थी हैं।
लविवि कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए नीति आयोग के उपाध्यक्ष को आमंत्रण भेजा गया था। उन्होंने इस पर अपनी सहमति दे दी है। विवि के लिए यह गौरव की बात है कि पूरे विश्व में नाम रोशन करने वाली ये दोनों हस्तियां लखनऊ विश्वविद्यालय से ही शिक्षा पाए हैं। डॉ. राजीव कुमार ने अर्थशास्त्र में अपनी पीएचडी लविवि से पूरी की है। जबकि रितु करिधल श्रीवास्तव ने बीएससी की पढ़ाई लविवि से पूरी की है। विवि के दीक्षांत समारोह में 14 अक्तूबर को विभिन्न पदक विजेताओं को पदक तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
आज जारी हो सकती है पदक विजेताओं की सूची
लविवि ने दीक्षांत समारोह के लिए पदक विजेताओं की अंतिम सूची मंगलवार को जारी करने की संभावना जताई है। दीक्षांत समारोह के चक्रवर्ती और चांसलर जैसे पदक के लिए विजेताओं के नाम तय हो चुके हैं। अन्य पदक की प्रस्तावित सूची जारी करके उन पर आपत्ति मांगी थी।
हमारे लिए गौरव की बात
लविवि के लिए यह गौरव की बात है हमारे विद्यार्थी देश-विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। दीक्षांत समारोह में नीति आयोग के उपाध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। मिशन चंद्रयान-2 की निदेशक डॉ. रितु करिधल श्रीवास्तव ने मानद उपाधि करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।
- प्रो. एसपी सिंह,
कुलपति, लविवि