लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभागों और कार्यालयों में आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों की तैनाती को लेकर नया आदेश जारी किया है। कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कई विभागों में आउटसोर्सिंग कर्मियों को तैनात किया जाता है, लेकिन सेवा समाप्ति अथवा अन्य कारणों से उनके स्थान पर नए कर्मियों की नियुक्ति विभागीय स्तर पर ही कर दी जाती है। अब इस स्थिति में संबंधित अधिकारी स्वयं नए कर्मी की नियुक्ति नहीं करेंगे।
ऐसे मामलों में रिक्त पदों पर कर्मियों की तैनाती के लिए कुलसचिव कार्यालय को प्रस्ताव भेजना अनिवार्य होगा। विवि प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य आउटसोर्सिंग कर्मियों की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और केंद्रीकृत नियंत्रण सुनिश्चित करना है।