लखनऊ। आकाशवाणी लखनऊ के एआईआर राइजिंग स्टार सीजन एक में युवा कलाकारों ने शास्त्रीय, सुगम और लोक संगीत की प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई। बुधवार को कैसरबाग स्थित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कलामंडपम में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों को राष्ट्रीय मंच देने की पहल की गई। कार्यक्रम की शुरुआत ध्रुपद गायक आयुष द्विवेदी की प्रस्तुति से हुई। चंद्रकला ने सुगम संगीत सुनाया। मानसी सिंह के लोकगीत राजा जी खजनवा देई देव..., अदिति शुक्ला के अवधी गीत और सृष्टि सिंह परिहार के देशभक्ति गीत को खूब सराहना मिली।
मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति मांडवी सिंह ने युवा कलाकारों को आगे बढ़ाने में आकाशवाणी की भूमिका को अहम बताया। केंद्राध्यक्ष आरबी सिंह व कार्यक्रम प्रमुख विनय कुमार ने बताया कि प्रस्तुतियों का प्रसारण आकाशवाणी, दूरदर्शन के यूट्यूब चैनल और वेव्स ओटीटी पर होगा। 15 जनवरी 2027 तक सबसे ज्यादा व्यूज पाने वाले तीन कलाकारों को क्रमशः 20, 15 और 10 हजार रुपये व प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।