लखनऊ। पुरानी पेंशन बहाली, महंगाई भत्ते के भुगतान आदि मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश पेंशनर्स कल्याण संस्था शाखा लखनऊ के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
अध्यक्ष रमेश चंद्र श्रीवास्तव और मंत्री हरिशंकर श्रीवास्तव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में विलिडेशन एक्ट-2025 को समाप्त करने, आठवें वेतन आयोग के टीओआर में पेंशन पुनरीक्षण शामिल करने, पेंशन वृद्धि क्रमशः 65, 70 व 75 वर्ष पर पांच फीसदी किए जाने की मांग की। साथ ही कोरोना काल में रोके गए 18 माह के महंगाई भत्ते/ महंगाई राहत के अवशेष का भुगतान किए जाने, कोरोना काल से पूर्व वरिष्ठ नागरिकों व पेंशनर्स को रेल और वायुयान किराये में मिलने वाली छूट को बहाल करने की मांग भी की। आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, गोपी कृष्ण श्रीवास्तव, ओंकार नाथ तिवारी, संतोष कुमार मेहरोत्रा, डॉ. जानकी शरण शुक्ला आदि मौजूद रहे।