उत्तर प्रदेश मदरसा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जवाहर भवन स्थित मदरसा शिक्षा परिषद का
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मदरसा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जवाहर भवन स्थित मदरसा शिक्षा परिषद कार्यालय में मदरसा बोर्ड की नई रजिस्ट्रार अंजना सिरोही से मुलाकात की। उन्होंने गैर मान्यता प्राप्त मदरसों को मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. अकबर जफर की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने गैर मान्यता प्राप्त मदरसों के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर चिंता जताई। प्रदेश के गैर-मान्यता प्राप्त निजी मदरसों को बोर्ड मान्यता देने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया। कहा कि प्रदेश में संचालित गैर मान्यता प्राप्त मदरसों में अधिकांश ने मदरसा बोर्ड में मान्यता के लिए आवेदन दे रखा है, लेकिन काफी समय से मान्यता की प्रक्रिया रुकी हुई है। रजिस्ट्रार ने उनकी मांग को शासन तक पहुंचाने और समाधान निकालने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में मो. अफाक, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हाजी मुहम्मद फहीम, भागीदारी आंदोलन के अध्यक्ष पीसी कुरील और शराबबंदी एसोसिएशन के मुर्तजा अली शामिल रहे।