लखनऊ। ऑल इंडिया इंडियन बैंक पेंशनर्स एंड रिटायरीज एसोसिएशन ने एक बार फिर से पेंशन संशोधन और अपडेशन, भत्ता जोड़कर पेंशन की गणना, निशुल्क स्वास्थ्य बीमा और दवा खर्च के लिए अनुदान में बढ़ोतरी जैसी प्रमुख मांगे उठाईं। चारबाग स्थित एक होटल में रविवार को एसोसिएशन के चौथे त्रिवार्षिक अधिवेशन में अध्यक्ष एन. एन. दुबे ने बताया कि पेंशन योजना के तहत 20 वर्षों से अधिक समय से पेंशन का पुनर्निर्धारण लंबित है। इंडियन बैंक लखनऊ के क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के उप महाप्रबंधक सतीश सोनकर ने बैंक की प्रगति की जानकारी दी और पेंशनर्स की कठिनाइयों को दूर करने की प्रतिबद्धता जताई। राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्मल बारी और महासचिव के. के. सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। नई कार्यकारिणी के चेयरमैन एनएन दुबे, अध्यक्ष एके दीक्षित, प्रांतीय सचिव हरिहर प्रसाद सिंह को बधाई दी गई। लखनऊ और आसपास के 12 जिलों से बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया।