सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौत
लखनऊ। मोहनलालगंज इलाके में बृहस्पतिवार तड़के ड्यूटी पर जा रहे बाइक सवार डिलीवरी बॉय पुरसैनी निवासी रोहित कुमार धीमान (27) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के वक्त युवक ने हेलमेट पहन रखा था।
रोहित के चचेरे भाई विजय के मुताबिक तड़के 5.30 बजे रोहित उतरेठिया जा रहे थे। हरकंशगढ़ी स्वास्तिका हॉस्पिटल के पास पीछे से तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से वह घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उनको सीएचसी ले गई, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। उनके पिता दिनेश ने केस दर्ज कराया है।
अप्रैल में होनी थी शादी
रोहित के परिवार में मां कमलेश देवी व छोटा भाई निखिल है। भाई ने बताया कि रोहित की अप्रैल को भीलमपुर की एक युवती से शादी होनी थी। 14 फरवरी को वरीक्षा और गोद भराई की रस्म होनी थी। हादसे की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।