लखनऊ। हर व्यक्ति को सुरक्षित, पर्याप्त और बेहतर सुविधाओं वाला घर मिलना उसके अच्छे जीवन के साथ समाज और अर्थव्यवस्था के विकास के लिए भी जरूरी है। इसी सोच के साथ द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, उत्तर प्रदेश राज्य केंद्र की ओर से सोमवार को इंजीनियर्स भवन, रिवर बैंक कॉलोनी में विश्व आवास दिवस मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम सभी के लिए पर्याप्त आवास रही।
कार्यक्रम में आवास की कमी, सुरक्षित आवास, मूलभूत सुविधाओं और बेहतर शहरी विकास पर चर्चा हुई। अध्यक्ष इं. वीपी. सिंह ने कहा कि सभी वर्गों के लिए सुरक्षित और सुलभ आवास उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
मुख्य वक्ता इं. जेबी. सिंह, पूर्व विभागाध्यक्ष (इंजीनियरिंग), एलआइसी एचएफएल केयर होम्स, मुंबई ने आवासीय निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। संयोजक इं. जीएम. पांडेय ने तकनीकी विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और समाज के बीच समन्वय तथा नई तकनीक और गुणवत्तापूर्ण निर्माण को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। मानद सचिव इं. एनके. निषाद ने आभार जताया।