दरअसल, श्रीनगर में डॉ. आदिल की शादी में उसके कई डॉक्टर मित्रों का जमावड़ा हुआ था। विवाह समारोह के अगले दिन भारतीय सैनिकों को निशाना बनाकर धमकी भरे पोस्टर लगाए गए, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गईं। जांच में डॉ. आदिल का इसमें हाथ होने के प्रमाण मिलने पर गहनता से छानबीन की गई तो फरीदाबाद से डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन की गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद हुए। इसी मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए डॉ. शाहीन के भाई डॉ. परवेज के राजधानी स्थित दोनों आवासों को खंगाला गया है। अब परवेज के घर से बरामद इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से ही उसकी संलिप्तता का पता चलेगा। जांच एजेंसियां इन गैजेट्स के जरिये यह भी पता लगा रही है कि बीते कुछ महीनों के दौरान वह कहां-कहां गया था और किन लोगों के संपर्क में था।