शाइन अंसारी व परवेज के पिता सईद
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
सगे भाई बहन डॉ. शाहीन और डॉ. परवेज के घर पर छापेमारी के बाद मोहल्ले में हर कोई हैरान है। आईआईएम रोड स्थित परवेज के मकान के बाहर एटीएस के जवानों को देखकर हर कोई हैरान रह गया। लोग अपने-अपने घरों से बाहर नहीं निकले। काफी देर बाद कॉलोनी के लोग बाहर निकले और मामले की जानकारी मिलते ही हैरान रह गए।
परवेज के पड़ोसी इमरान बेग ने बताया कि एक साल पहले तक परवेज के पिता सईद भी साथ में रहते थे। हालांकि, बाद में वह खंदारी बाजार स्थित मकान में रहने लगे। परवेज की पत्नी बिहार में रहती हैं। परवेज की 13 साल की बेटी है। बताया गया कि पत्नी के बार-बार कहने पर भी परवेज उसके साथ रहने बिहार नहीं जाता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि परवेज ज्यादा बातचीत नहीं करता था। वह ज्यादातर फोन पर बात करते दिखाई देता था। एटीएस परवेज के कॉल डिटेल खंगाल रही है।
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के साथियों के बारे में छानबीन
एटीएस परवेज के करीबियों के बारे में भी पता लगा रही है। सूत्रों का कहना है कि एक टीम ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में परवेज के साथियों से भी पूछताछ की है। परवेज हार्ट का डॉक्टर है। एटीएस को परवेज के घर से कुछ दस्तावेज मिले हैं। एटीएस लैपटाप को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। यह पता लगाया जाएगा कि परवेज ने लैपटाप से कोई डाटा तो नहीं हटाया था।
छतों से देखते रहे लोग, नहीं निकले बाहर
खंदारी बाजार स्थित सईद के मकान के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रही। एटीएस और जम्मू कश्मीर की पुलिस को देखकर लोग घर से बाहर नहीं निकले। महिलाएं छतों से झांकती नजर आईं। पड़ोसियों ने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से कैसरबाग पुलिस को सईद के घर के बाहर तैनात किया गया है।