यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : ANI
सीएम ने कहा कि आप के नेता झूठ बोलने के एटीएम हैं। केजरीवाल अपने भाषणों में उत्तर प्रदेश की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें जानना चाहिए कि लोग उत्तर प्रदेश को अब मॉडल के रूप में देख रहे हैं। यूपी में आने वाले न्यू ओखला नोएडा की तस्वीर सबके सामने है। दिल्ली और नोएडा, गाजियाबाद की सड़कों में जमीन-आसमान का अंतर नजर आएगा।
गुरु अन्ना के बाद अब जनता को धोखा दे रहे रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया। 2020 में दिल्ली के अंदर दंगे कराए गए। इसमें आप के विधायकों व पार्षदों की संलिप्तता आई थी। शाहीनबाग में भी दंगा कराया, जिसने अपने गुरु अन्ना हजारे को धोखा दिया, वह जनता-देश को भी धोखा दे रहा है। केजरीवाल समेत कई मंत्रियों को जेल जाना पड़ा।
पुजारियों के साथ कर रही है भेदभाव
सीएम ने कहा कि पंजाब की बहनों ने आप के कार्यालय और केजरीवाल के घर का घेराव किया। कह रही हैं कि इन लोगों ने पंजाब में सरकार बनाने पर एक हजार रुपये हर महिला को देने का वायदा किया था, लेकिन दिया नहीं। यह मुल्लों और मौलवी को पहले से मानदेय देकर दिल्ली की आर्थिक स्थिति बदहाल कर चुके हैं। अब पुजारियों को भत्ता देने का वादा कर रहे हैं। बौद्ध मठों से जुड़े भंते, भगवान वाल्मीकि समुदाय से जुड़े संत और रविदासी परंपरा से जुड़े मंदिर के पुजारी उनके एजेंडे में नहीं हैं। कहा कि आप के नेता घर में आधार बनाने की मशीन के जरिए बांग्लादेशी घुसपैठियों को आधार बांट रहे हैं। दो वर्ष पहले जामिया मिलिया व आसपास के क्षेत्रों में यूपी सरकार के सिंचाई विभाग की सैकड़ों एकड़ जमीन पर इनके विधायकों व पार्षदों ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाने का कार्य किया। मैंने बुलडोजर भेजकर सरकारी जमीन खाली करवाई। एक इंच जमीन किसी को नहीं देंगे।