यूके-यूएसए के न्यायविदों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुद्वारे में टेका मत्था
लखनऊ। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब यहियागंज में शनिवार को यूनाइटेड किंगडम (यूके) और यूएसए से आए न्यायाधीशों व विधि विशेषज्ञों के प्रतिनिधिमंडल ने मत्था टेका। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के ऐतिहासिक हुकमनामों के दर्शन किए। सभी को सिरोपा देकर सम्मानित किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रसिद्ध बैरिस्टर सरदार हरजोत सिंह ने किया। न्यायाधीश सुखी गिल, मास्टर पीटर क्लार्क, डिप्टी डिस्ट्रिक्ट जज बलदीप सिंह, हिज ऑनर जज जिंदा बूरा, डेविड जोसे (किंग्स काउंसल), प्रो. सतविंदर जस (जज) और जज मनप्रीत सिंह ने आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा साहिब में सामूहिक अरदास की गई। प्रो. सतविंदर ने कहा कि भारत आकर हिंदुओं और सिखों के बीच के खूबसूरत संबंध का अर्थ समझ में आता है। गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह, सचिव परमजीत सिंह पम्मी और वरिष्ठ सदस्य गुलशन जोहर आदि मौजूद रहे।
यूके-यूएसए के न्यायविदों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुद्वारे में टेका मत्था