इंदिरागांधी प्रतिष्ठान में होगा डिफेंस एक्सपो के प्रतिनिधियों का भोज
तीन से आठ फरवरी के लिए दो हॉल और तीन लॉन की हुई बुकिंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम व विमर्श के लिए बुक हुआ एक हॉल
रक्षा उत्पादों की सबसे बड़ी प्रदर्शनी डिफेंस एक्सपो-2020 के लिए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भी कार्यक्रम रहेगा। इसके लिए तीन लॉन और दो हॉल की बुकिंग की गई है। इनका उपयोग प्रदर्शनी के दौरान प्रतिनिधियों के लिए रात का खाना और आपसी विमर्श के लिए किया जाएगा। बुकिंग फ ाइनल होने के बाद अब एलडीए ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अभी केवल डिनर और सांस्कृतिक गतिविधियों के यहां आयोजित किए जाने की जानकारी आई है। इसके लिए लॉन नंबर 1, 2, 3 के अलावा बैक्वेट हॉल और मार्स हॉल की बुकिंग की गई है। लॉन और बैंकट हॉल का उपयोग खाना प्रतिनिधियों को खिलाने के लिए होगा। मार्स हॉल का उपयोग सांस्कृतिक कार्यक्रम और विमर्श के लिए हो सकता है। वहीं कैंपस में मौजूद बाकी हॉल को भी अब रिजर्व कर दिया गया है।
अधिशासी अभियंता अवधेश तिवारी ने बताया कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पूर्व से ही पांच से आठ फरवरी के बीच बुकिंग रोक दी गई थीं। वहीं अब इससे पहले भी तीन फरवरी के बाद की बुकिंग को शिफ्ट करने के लिए कह दिया गया है। तीन से आठ फरवरी के बीच अब किसी भी तरह की बुकिंग इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नहीं की जाएगी।
डिफेंस एक्सपो के लिए सजेगा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान
वीसी प्रभु एन सिंह के निर्देश पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान को अब एलडीए डिफेंस एक्सपो के लिए सजाएगा। प्रदर्शनी से पहले बुक किए गए सभी लॉन और हॉल की मेंटेनेंस कराई जाएगी। वहीं आयोजन से ठीक पहले यहां हरियाली बढ़ाने का काम भी होगा।