प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर में निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए अगले साल 5 से 8 फरवरी को लखनऊ में डिफेंस एक्सपो-2020 का आयोजन किया जाएगा। वृंदावन योजना के सेक्टर-15 में होने वाले इस आयोजन की तैयारी के लिए शुक्रवार को कार्यवाहक मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यूपीडा के सीईओ अवनीश अवस्थी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया। तिवारी ने डिफेंस एक्सपो की आवश्यक तैयारियों के लिए विभागवार समयबद्ध योजना बनाने के निर्देश दिए।
लोकभवन में आयोजित बैठक में कार्यवाहक मुख्य सचिव ने डिफेंस एक्सपो के सफल आयोजन के लिए यातायात की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने वृंदावन योजना के सेक्टर-15 में पहुंचे आरके तिवारी ने कहा कि डिफेंस एक्सपो में बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधिमंडल, बड़े निवेशक, उत्पादक और प्रदर्शक शामिल होंगे। एक्सपो से प्रदेश में बनाए जा रहे डिफेंस कॉरीडोर को स्थापित करने के लिए निवेशक मिलेंगे और कॉरिडोर निर्माण की गति तेज होगी।