श्रावस्ती। इकौना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर में बने गोआश्रय स्थल का डीएम ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था न होने पर डीएम ने केंद्र प्रभारी को फटकार लगाई।
डीएम कृतिका शर्मा ने बुधवार को अकबरपुर गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चन्नी, भूसा, पानी व उजाले के साथ ही ईयर टैगिंग का जायजा लिया। डीएम ने देखा कि गोआश्रय स्थल में पर्याप्त जगह होने के बाद भी मवेशियों के लिए हरे चारे की व्यवस्था नहीं है। इस पर केंद्र प्रभारी को फटकार लगाई। साथ ही निर्देश दिए कि मवेशियों के लिए नेपियर घास लगाई जाए। ताकि हरे चारे की व्यवस्था हो सके। पशुओं के लिए बनाए गए शेड का मानक ठीक न पाए जाने पर उसे मानक के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि क्षेत्र में पशुओं के बीमार होने की सूचना मिलने पर संबंधित पशु चिकित्साधिकारी तत्काल इलाज करें, अन्यथा उन पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम इकौना ओमप्रकाश व गोशाला के केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।