लखनऊ। अब ट्रेन के पहियों की गड़बड़ी आसानी से पकड़ी जा सकेगी। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हॉट एक्सेल बॉक्स डिटेक्टर (एचएबीडी) सिस्टम लगाए जाएंगे। जो पहियों की गड़बड़ी पकड़कर हादसों को रोकने में मदद करेंगे।
गोरखपुर में इस डिवाइस को लगाने के बाद लखनऊ के प्रमुख स्टेशनों के आसपास भी इन्हें लगाने की तैयारी है। रेलवे अधिकारी बताते हैं कि आउटर पर एचएबीडी सिस्टम लगने पर सेंसर पहियों पर नजर रखेगा। डिवाइस पटरियों के दोनों ओर लगाई जाएगी। जो ट्रेन के गुजरने पर पहियों की निगरानी करेगी। हॉट एक्सेल या ब्रेक जाम होने की स्थिति में सेंसर गड़बड़ी की जानकारी तत्काल कंट्रोल को भेजेगा, जहां से संबंधित अधिकारियों को सूचना मिल जाएगी। इससे समय रहते पहियों की मरम्मत कराई जा सकेगी। अभी तक पहियों की जांच का काम कर्मचारी खुद करते थे। वे पटरी और पहिये से आने वाली आवाज और रंग के आधार पर गड़बड़ी पकड़ने की कोशिश करते हैं। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मैनुअल व्यवस्था के साथ ही यह सिस्टम भी काम करेगा।