रायबरेली। सतांव ब्लॉक क्षेत्र के अटौरा स्थित तिरुपति बालाजी पब्लिक स्कूल परिसर में बुधवार को रोटरी क्लब की ओर से महिला सशक्तिकरण एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम हुआ। इसमें बेटियों की घट रही संख्या में चिंता जाहिर की गई। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों के संरक्षण के लिए समाज को आगे आने की जरूरत है।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं महिलाओं का स्वागत करते हुए कहा हमें बेटी और बेटे में कोई भेदभाव नहीं करना है। इसके लिए समाज को जागरूक होना चाहिए। मुख्य अतिथि समाजसेवी ज्ञान सिंह ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार दिलाने एवं सम्मान के साथ बेहतर अवसर देना भारत सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। कहा कि महिलाओं के नाम भूमि और भवन क्रय करने पर मिलने वाली छूट का लाभ महिलाओं को मिल रहा है, जो अत्यंत सराहनीय और उपयोगी है।
डॉ. अमिता खुबेले ने बेटियों के प्रोत्साहन सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। राजीव भार्गव ने रोटरी क्लब और रोटरी सेवा सदन के कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने न्यूनतम शुल्क पर चलाए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में संजय श्रीवास्तव, गोविंद खन्ना, मीना मंच के जिला समन्वयक श्याम सुंदर पांडेय, डॉ. एमपी सिंह का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली नव्या, आर्या, अनन्या, प्रिया, कृतिका को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संचालक विवेक सिंह ने किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा सिंह, स्नेहलता शर्मा, पूनम देवी, नीतू सिंह, ऊषा देवी, रंजना राठौर, मनोरमा भारद्वाज, श्वेता मिश्रा, हेमा सिंह, अनीता यादव, रितिका सिंह को अंग वस्त्र तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।