समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश ही नहीं देशभर के किसान कर्ज के बोझ से दबे हैं। इससे उनकी जिंदगी बदहाल हो रही है और वे आत्महत्या के लिए मजबूर हैं। हमीरपुर के राठ और रायबरेली में किसान की आत्महत्या की घटना इसका प्रमाण है। सरकार की हठधर्मिता का नतीजा है कि दिल्ली की सीमाओं पर किसान तीन माह से आंदोलनरत हैं। इस आंदोलन 250 किसानों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसानों को एमएसपी नहीं मिल रही है। गेहूं की एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन इतने में किसानों की लागत निकलना मुश्किल है। इसके बाद भी भाजपा सरकार ने किसानों पर मनमर्जी से अपना कानून थोप दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देने के नाम पर एक जिला एक उत्पाद का नारा दे रही हैै, लेकिन उत्पाद के विपणन की व्यवस्था नहीं है। माटी कला हो या गुड़ महोत्सव इनका प्रचार तो हो रहा पर विपणन की व्यवस्था नहीं है।
पुण्यतिथि पर प्रथम मुख्यमंत्री को दी श्रद्धांजलि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व को याद किया गया।
सपा केराष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन सादगी और ईमानदारी के साथ नैतिक मूल्यों पर आधारित रहा है। इसी तरह जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि दी गई। महानगर कार्यालय में अध्यक्ष सुशील दीक्षित की अध्यक्षता एवं महासचिव सौरभ सिंह यादव के संचालन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।