मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों का ऑडिट कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि समिति गठित कर ऐसे सभी मामलों की जांच कराई जाए कि उनके इलाज में किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।
वह शुक्रवार को कोविड-19 से संबंधित बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मरीजों के कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग से लेकर कोरोना लैब टेस्ट व इलाज में यदि किसी स्तर पर कोई लापरवाही बरती गई है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिन जिलों में कोरोना पॉजिटिव केस ज्यादा आ रहे हैं और कोरोना संक्रमण से ज्यादा मौतें हो रही हैं, उनकी गूगल मैपिंग कराई जाए। उन्होंने ऐसे जिलों की अलग से मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
मास्क न पहनने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
मुख्य सचिव ने धार्मिक स्थलों व भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क न पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसकी मॉनिटरिंग वहां लगे सीसीटीवी से करने को कहा।