रायबरेली। बुखार और डायरिया से पीड़ित लोगों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती बुखार से पीड़ित एक वृद्धा ने बृहस्पतिवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ बुखार से पीड़ित 12 लोगों को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ जिला अस्पताल में हुई जांच में डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं।
अमावां क्षेत्र के समरहदा गांव की सूरजकली (85) कई दिन से बुखार से पीड़ित थीं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने 15 नवंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उनकी सेहत में सुधार नहीं हुआ। बृहस्पतिवार की रात इलाज के दौरान सूरजकली की मौत हो गई।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार को गंभीर हालत में पहुंचे 12 बुखार पीड़ितों को भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओपीडी में भी बुखार व डायरिया के मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी में इलाज कराने के लिए पहुंचे 1500 मरीजों में ज्यादा संख्या जुकाम व बुखार पीड़ितों की थी।
इसके साथ डेंगू का प्रकोप भी जारी है। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में कराई गई जांच में डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं। इसमें शिखा श्रीवास्तव (50), इजहार (45), नीलम श्रीवास्तव (62) शामिल हैं। इन मरीजों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. महेंद्र मौर्या का कहना है कि ओपीडी में आने वाले मरीजों की जांच के साथ उपचार के पर्याप्त इंतजाम हैं। वार्डों में भर्ती मरीजों का बेहतर इलाज कराने का प्रयास किया जा रहा है।