जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वालों को अब नगर निगम उसकी प्राप्ति रसीद देगा।
इसके बाद प्रमाण पत्र बनाने वाले कर्मचारियों को तय अवधि (सात दिन) के अंदर दस्तावेज सही होने की स्थिति में प्रमाण पत्र जारी करना होगा।
नई व्यवस्था लागू होने केबाद वह आवेदक को बेवजह दौड़ा नहीं पाएंगे। अभी प्रमाण पत्र को लेकर आवेदक को परेशान किए जाने वाली शिकायतों पर कर्मचारी यह कहकर बच निकलते हैं कि उनकेपास आवदेन ही नहीं आया है।
नगर आयुक्त राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कई बार ऐसी शिकायतें मिली हैं कि प्रमाण पत्र बनाने में देरी की जा रही है।
इसको लेकर ही अब यह आदेश किया गया है कि आवेदक को फार्म जमा करने पर रसीद भी डेट डालकर दी जाएगी। तय समय के बाद भी यदि कोई कर्मचारी किसी आवेदक के प्रमाण पत्र को लटकाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रसीद देने साथ ही अब प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले व्यक्ति से रिसीविंग भी ली जाएगी। यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपर नगर आयुक्त विशाल भारद्वाज व अपर नगर आयुक्त पीके श्रीवास्तव को निर्देश दिया गया है कि वह आंवटित अपने-अपने जोनों में यह व्यवस्था कड़ाई से लागू कराएं।