लखनऊ। एसयूवी सवार लॉ छात्र अमन शर्मा व उसके दो दोस्तों पर 25 दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। विरोध पर आरोपी एक युवक का आईफोन लूटकर भाग निकले। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले में सोमवार को विभूतिखंड पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कैसरबाग के खंडारी बाजार निवासी अमन शर्मा के मुताबिक सोमवार रात वह एसयूवी से दोस्त आदित्य चौहान और मो. बिलाल के साथ विभूतिखंड गए थे। करीब 12:30 बजे तीनों अर्बन एसी बिल्डिंग के सामने एसयूवी में बैठकर बातें कर रहे थे। तभी कार और बाइक से 25 लोग पहुंचे। आरोपियों ने गेट खोलकर लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया और एसयूवी की चाबी निकाल ली। शोर मचाने पर मदद के लिए लोगों को आता देखकर आरोपियों ने बिलाल का आईफोन लूट लिया और भाग निकले। एक अन्यदोस्त अंजनी ने तीनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।