महराजगंज (रायबरेली)। पुलिस चौकी के पास शुक्रवार शाम अलावा जलाने को लेकर नगर पंचायत में तैनात सफाईकर्मी से कहासुनी के बाद दरोगा ने उसे लात मार दी थी। इस मामले को लेकर शनिवार कोे सफाईकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित सफाईकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और कार्य बहिष्कार कर सफाई व्यवस्था को ठप कर दिया। सफाईकर्मियों ने कोतवाली के दोनों गेट पर मृत कुत्ते और सियार को डाल दिया। रात में ईओ और चेयरमैन के आश्वासन पर सफाईकर्मी सोमवार से काम पर लौटने के लिए तैयार हो गए।
शुक्रवार देर शाम को सफाईकर्मी तुषार चौकी के पास सड़क पर अलाव जा रहे थे। इस दौरान अलाव जलाने को लेकर एएसआई देवेंद्र भदौरिया से उनकी कहासुनी हो गई। इस पर दरोगा ने सफाईकर्मी को लात मार दी थी। सफाईकर्मी की मां सुनीता ने शुक्रवार रात को ही कर्मचारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
जब दरोगा पर कार्रवाई नहीं हुई को शनिवार सुबह सफाईकर्मियों ने हड़ताल का निर्णय लिया और दरोगा के निलंबन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। नगर पंचायत परिसर में धरने पर सभी बैठ गए। शाम चार बजे एसडीएम सचिन यादव और सीओ यादवेंद्र बहादुर पाल ने करीब एक घंटे तक ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू तथा अखिल भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश वाल्मीकि के साथ बैठक की। इसके बाद सफाई कर्मियों से बातचीत की गई।
एसडीएम ने दरोगा का तबादला दो दिन में करने का आश्वासन दिया, लेकिन सफाईकर्मी लिखित आदेश पर अड़े रहे, जिससे बात नहीं बन सकी। बाद में रात करीब आठ बजे ईओ रामाशीष और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने सफाईकर्मियों से बात की तो सभी सोमवार से काम पर लौटने को तैयार हो गए। सफाईकर्मियों को दरोगा पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।