हजरतगंज के जॉपलिंग रोड स्थित लीगेसी अपार्टमेंट में शुक्रवार दोपहर रिटायर्ड नेवीकर्मी पॉल जॉनथन एडविन (55) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
उनका शव फ्लैट नंबर 406 के बाथरूम में अर्धनग्न हालत में मिला। तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं है।
अतिरिक्त निरीक्षक हजरतगंज प्रमोद पांडेय के मुताबिक, पॉल जॉनथन एडविन उर्फ डेविड लीगेसी अपार्टमेंट में 2007 से रह रहे थे।
उनकी पत्नी अमृता सारा एडविन विकासनगर सेक्टर-2 में रहती हैं। पड़ोसी पॉल की पत्नी व बच्चों के बारे में कुछ नहीं बता सके। इस पर अपार्टमेंट के कार्यालय से रजिस्ट्री के पेपर निकलवाए। फिर पत्नी के बारे में जानकारी हो सकी।
पुलिस ने तत्काल विकासनगर थाने में संपर्क कर पत्नी को पॉल के मौत की सूचना दी। देर शाम अमृता पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंची। वहीं पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया।
टीम ने काफी देर तक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, पॉल अकेले रहते थे। आशंका है कि बाथरूम जाते समय अचानक कुछ हुआ और वे बेहोश होकर गिर गये। मौके पर एसीपी हजरतगंज अरविंद वर्मा भी पहुंचे।
24 जनवरी को अंतिम बार देखे गए थे पॉल
अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के मुताबिक, पॉल जॉनथन अक्सर फ्लैट में ही रहते थे। सिर्फ जरूरत की वस्तुएं खरीदने के लिए निकलते थे। बातचीत करने पर नाराज हो जाते थे। गार्ड ने बताया कि 24 जनवरी को अलाया अपार्टमेंट गिरा था। उसी दिन वे निकले थे। चौराहे तक जाकर लौट आए थे।
नहीं मिला मोबाइल, सिर्फ इंटरकॉम की सुविधा
पुलिस ने फ्लैट की छानबीन की, लेकिन एक भी मोबाइल नहीं मिला। धूल से पटे डाइनिंग टेबल पर लैंडलाइन का नंबर मिला तो कॉल किया। पास में टेबल पर रखे टेलीफोन की घंटी बजने लगी। पड़ोसियों ने बताया कि बातचीत करने के लिए गार्ड ही कभी-कभी इंटरकॉम पर कॉल करता था। डाइनिंग टेबल पर ब्रेड का पैकेट, चार अंडे, घी का पैकेट, किताबें, बीएसएनएल की रसीदें और एक बैंक के खाते से संबंधित दस्तावेज मिले। बैंक स्टेटमेंट में 2013 दर्ज था। 11 दिनों से अखबार का पन्ना भी नहीं खोला था। पॉल अंग्रेजी अखबार मंगाते थे। बेडरूम में अंतिम अखबार 23 जनवरी का मिला। इसके बाद के अखबार मेन गेट की गैलरी में पड़े थे। बृहस्पतिवार सुबह अंतिम बार घर पर अखबार आया था।