लखनऊ। गुडंबा इलाके में रहने वाले किशोर का शव बुधवार सुबह इंदिरानगर स्थित कुकरैल जंगल में पेड़ से लटकता मिला। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जता पुलिस से जांच की मांग की है।
गुडंबा के बहादुरपुर निवासी सचिन (16) एक दुकान में नौकरी करते थे। पिता मोहनलाल ने बताया कि बेटा मंगलवार सुबह ड्यूटी पर गया था। यहां से 900 रुपये लेकर निकला, पर घर नहीं आया। देर रात परिजनों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। मोबाइल पर कॉल जा रही थी, फोन रिसीव नहीं हो रहा था।
बुधवार सुबह इंदिरानगर के कुकरैल जंगल में पेड़ से गमछे के सहारे सचिन का शव लटकता मिला। पुलिस ने सचिन के पास मिले मोबाइल की मदद से परिजनों को जानकारी दी। यहां परिजनों ने अनहोनी की आशंका जता जांच की मांग की है। इंदिरानगर पुलिस का कहना है कि सचिन ने आत्महत्या की है, पर पुलिस आत्महत्या के कारण के बारे में कुछ नहीं बता सकी।