गिलौला/तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरहनी बलराम स्थित सरयू नहर के वाटरफॉल में रविवार को नहाते समय दो किशोर डूब गए थे। इनमें से एक का शव सोमवार भौंसवा गांव के निकट उतराता मिला था। जबकि दूसरे युवक का शव मंगलवार तिलकपुर स्थित नहर में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने शव को नहर से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा।
बहराइच जिले के थाना कोतवाली देहात के ढपालीपुरवा निवासी मोहम्मद जैद अंसारी रविवार को अपने दोस्त हरम अंसारी पुत्र अली अहमद, सलमान, फैजान व सुहेल के साथ सोनवा थाना क्षेत्र के दिकौली मोड़ घूमने आया था। वहां से पांचों दोस्त सरयू नहर के तुरहनी बलराम स्थित वाटरफॉल में नहाने चले गए। जहां नहाते समय जैद व हरम गहरे पानी में डूब गए थे। साथ में मौजूद दोस्तों की सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर दोनों किशोर की नहर में तलाश करा रहे थे। सोमवार सुबह भौसावा गांव के पास नहर में जैद का शव मिला था। वहीं मंगलवार को तिलकपुर मोड़ के पास कुछ ग्रामीणों ने एक शव उतराता देख गिलौला पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। जिसकी पहचान परिवार के लोगों ने हरम के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।