रायबरेली। गोकुलपुर गांव में एक पेड़ पर युवक का शव गमछे से लटकता मिला। युवक बाराबंकी जिले का रहने वाला था और लखनऊ में अपने दोस्त के साथ रहकर एक कंपनी में काम करता था। ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक युवक का मोबाइल भी गायब है जो सर्विलांस से तलाशा जाएगा।
रविवार की सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के गोकुलपुर के लोगों ने आम के पेड़ से एक युवक का शव लटका देखा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। युवक की गर्दन को आम के पेड़ की डाल से गमछे के सहारे बांधा गया था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृत युवक के जेब से श्रमकार्ड मिला। उसके भाई सोनू तिवारी ने उसकी पहचान की।
युवक की पहचान बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर निवासी महेंद्र तिवारी (30) पुत्र विद्या प्रसाद तिवारी के रूप में हुई। वह लखनऊ के एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। शनिवार की शाम व रिश्तेदारी जाने के लिए घर से निकला था। उसके पास से श्रमकार्ड के अलावा कुछ नहीं मिला।
पेड़ पर मिले जूते के निशान
फोरेंसिक टीम की जांच में मृत युवक के जूते के निशान पेड़ पर मिले हैं। हालांकि उसका मोबाइल गायब है। मोबाइल कौन ले गया, पुलिस इसका पता लगा रही है।
मौसी के घर हनमंतपुरम नहीं पहुंचा युवक
बाराबंकी जिले से से निकला महेंद्र अपनी मौसी के घर नहीं पहुंचा। उसकी मौसी शहर के हनुमंतपुरम में रहती है। वह शनिवार की शाम मौसी के घर जाने के लिए निकला था। शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृत युवक की मौसी के घर के लोगों से बात की गई है। वह मौसी के यहां नहीं पहुंचा था। सीओ सदर अमित सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।