लखनऊ। चारबाग स्थित होटल आशीर्वाद में बिहार के सीतामढ़ी निवासी अवनीश कुमार (28) का शव सोमवार को फंदे से लटका मिला। स्टाफ के मुताबिक लखनऊ घूमने आए अवनीश कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे।
इंस्पेक्टर नाका अभिनव वर्मा के मुताबिक अवनीश सात मार्च को होटल आए थे। सोमवार रात वह कमरे से नहीं निकले तो स्टाफ ने मैनेजर को बताया। मैनेजर ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से जवाब नहीं मिला। इस पर नाका पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो अवनीश का शव पंखे में गमछे के सहारे लटका मिला। उनके आधार कार्ड की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। फोन पर जीजा राम ओझा ने बताया कि अवनीश प्राइवेट कंपनी में फिटर थे। कोरोना काल में माता-पिता की मौत के बाद से वह अकेले रहते थे। बीते कुछ समय से वह किसी बात को लेकर डिप्रेशन में थे। राम ओझा और पुलिस ने अवनीश की मौत को आत्महत्या बताया है।