मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भट्ठा कुटी स्थित गोशाला के पास का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जमुनहा (श्रावस्ती)। भट्ठा कुटी स्थित गोशाला के पीछे शनिवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटकता मिला। मल्हीपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भट्ठा कुटी स्थित गोशाला के पीछे शनिवार सुबह भट्ठा मजदूरों ने शीशम के पेड़ से फंदे के सहारे शव लटकता देखा। इसकी सूचना गोशाला संचालक मनीष रस्तोगी को दी। उसकी सूचना पर जमुनहा चौकी प्रभारी रामसजीवन निषाद के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर जयहरि मिश्रा ने शव उतरवाया। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर बनगई के मजरा फत्तेपुर निवासी उमर (19) पुत्र नफीस के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि उमर नशे का आदी था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।