वृहद वृक्षारोपण महाभियान में रोपे गए 4957819 पौध मंडलायुक्त, डीएम व एसपी ने भूमि पूजन कर किया शुरुआत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। धरती पर हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ जिले में शनिवार को वृहद पौधरोपण महाअभियान चलाया गया। इसकी शुरुआत मंडलायुक्त, डीएम व एसपी ने नवीन गल्ला मंडी परिसर में भूमि पूजन कर किया गया। इस दौरान जिले में करीब 4957819 पौधे रोपित किए गए।
इस दौरान मंडलायुक्त शशि भूषण सुशील ने कहा कि पेड़-पौधे लगाओ, सम्पूर्ण मानवता का जीवन बचाओ। विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि पेड़-पौधों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। भाजपा जिला अध्यक्ष उदय त्रिपाठी ने प्रकृति को बचाने के लिए अनिवार्य रूप से पौधरोपण करने की अपील की। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि हमें पौधे का पेड़ बनने तक बच्चों की तरह उनका ख्याल रखना चाहिए। एसपी घनश्याम चौरसिया ने भी सभी से पौधरोपण की अपील की।
इस दौरान मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने हरिशंकरी (पीपल, पाकड़ व बरगद) के पौधों लगाए। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह, एडीएम अमरेंद्र कुमार ने स्कूली छात्र-छात्राओं व एनसीसी के छात्रों को पौधे वितरित किए।
वहीं इकौना में श्रावस्ती विधायक ने इकौना ब्लाक प्रमुख मिथिलेश पांडेय, एसडीएम इकौना ओम प्रकाश, तहसीलदार विपुल सिंह, आशुतोष पांडेय सहित अन्य ने पौधरोपण किया। वहीं एसएसबी मुख्यालय पर उपकमांडेंट निरुपेश कुमार, डीएफओ डीपी सिंह, विद्यालयों में शिक्षकों व छात्रों, नंदन वन में नगर पालिका अध्यक्ष इरफान अहमद व ईओ डा.अनीता शुक्ला ने सभासदां के साथ पौधरोपण किया।
इसके साथ ही जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों, एसएसबी के सीमा चौकियों, विभिन्न विभागों सहित वन कार्यालयों व सार्वजनिक भूमि व भवन परिसरों, मार्ग तथा नहर की पटरियों आदि पर पौध लगाए गए और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। संवाद