ठाकुरगंज से शुक्रवार दोपहर 10 साल की बच्ची के साथ संदिग्ध हालात में लापता हुई 25 वर्षीय अंजली का शव शनिवार शाम हरदोई में नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। उसके पति सुभाष ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस का कहना है कि शव कहीं से बहकर आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, अंजली की बच्ची का कुछ पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश की जा रही है।
मूलरूप से उन्नाव के फतेहपुर चौरासी का रहने वाला सुभाष यहां ठाकुरगंज के भुवर गांव के लालाबाग में किराये के मकान में रहकर एक निजी नर्सिंग होम में वॉर्ड ब्वॉय का काम करता है। उसके साथ पत्नी अंजली, बेटी और मां रहती थीं। शुक्रवार दोपहर वह मां को दवा दिलाने के लिए अस्पताल ले गया था। लौटकर आया तो देखा कमरे में ताला लगा है। उसने अंजली की तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिली। काफी खोजबीन के बाद भी अंजली का कुछ पता नहीं चला तो सुभाष ने ठाकुरगंज थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई। पुलिस ने अंजली के गायब होने की सूचना आसपास के थानों के अलावा अन्य जनपदों को भेज दी थी।
शनिवार शाम करीब 70 किलोमीटर दूर हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में सुरसा नहर में महिला का शव उतारता देख वहां की पुलिस ने ठाकुरगंज थाने में संपर्क किया। शव की जानकारी पाकर पुलिस टीम हरदोई पहुंच गई। वहां शव की शिनाख्त अंजली के रूप में की गई। सूचना पाकर परिवारीजन भी हरदोई पहुंच गए। कछौना के थाना प्रभारी सूरत कुमार का कहना है कि शव कहीं से बहकर आया है। मृतका के पेट में पट्टी बंधी है। पुलिस उसे ऑपरेशन के बाद बांधी गई पट्टी बता रही है। अंजली के परिवारीजनों ने उसकी हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।