लखनऊ। काकोरी के दुर्गागंज इलाके में रविवार दोपहर सड़क किनारे पेड़ की छांव में बैठी श्याम दुलारी (60) और उनकी पोती सोनिया (5) को डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में श्याम दुलारी की मौके पर मौत हो गई, जबकि सोनिया ने ट्राॅमा सेंटर में दम तोड़ दिया। आरोपी चालक डीसीएम लेकर भाग गया।
मलिहाबाद के कनार गांव निवासी दौलत राम मजदूरी हैं। दौलत के मुताबिक, रविवार दोपहर वह बाइक से मां श्याम दुलारी और बेटी सोनिया के साथ तेलीबाग जा रहे थे। रास्ते में हरदोई रोड पर काकोरी दुर्गागंज के पास पेट्रोल लेने के लिए रुके। उन्होंने मां और बेटी को सड़क किनारे लगे पेड़ के नीचे छांव में बैठा दिया। वह दौलत राम सड़क के दूसरी तरफ स्थित पेट्रोल पंप पर चले गए। तभी मलिहाबाद से दुबग्गा की ओर जा रहे डीसीएम ने सड़क के किनारे बैठी दादी और पोती को रौंद दिया। दोनों के सिर पर गंभीर चोट लगी। बुजुर्ग श्याम दुलारी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सोनिया को ट्रामा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको भी मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से डीसीएम के बारे में पता लगाया जा रहा है। हादसे में बुजुर्ग श्याम दुलारी व मासूम सोनिया की मौत की खबर जब घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। दौलत राम की पत्नी अनूपा का रो-रो कर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटी को याद कर बेहोश हो जा रही हैं। अनूपा के तीन माह का बेटा दिव्यांशु है।
बेटी को तड़पता देख पिता बेसुध हो गए
बाइक सवार दौलत राम की आंख के सामने बुजुर्ग मां की मौत हो गई। मासूम बेटी को खून से लथपथ सड़क पर तड़पता देख, वह बेसुध हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने दौलत राम को संभाला और सूचना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के वक्त डीसीएम की रफ्तार काफी तेज थी।