मोहनलालगंज। खुजौली गांव में मोहनलालगंज-गोसाईगंज रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ी डीसीएम में बुधवार देर रात अचानक आग लग गई। हादसा डीसीएम के पास खलासी व चालक के खाना बनाते समय हुआ। डीसीएम के टायर तेज धमाके के साथ फटने से इलाके में दहशत फैल गई। अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया गया। पुलिस हादसे के बाद से लापता लापता चालक व खलासी को तलाश रही है।
पुलिस के मुताबिक प्रह्लाद फि लिंग स्टेशन पर ब्रेड व ग्लू से लदी डीसीएम खड़ी कर उसके करीब चालक व खलासी छोटे गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे। तभी अचानक डीसीएम में आग लग गई। पंप के कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते पूरी डीसीएम आग की चपेट में आ गई। डीसीएम के टायर धमाके के साथ फटने लगे। गनीमत रही कि गैस सिलेंडर में धमाका नहीं हुआ। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोहनलालगंज-गोसाईंगंज रोड पर आवाजाही रोक दी। इसके बाद दमकल ने आग को काबू में किया, जिससे लपटें पेट्रोल पंप को चपेट में नहीं ले सकीं। इंस्पेक्टर कुलदीप दूबे के मुताबिक डीसीएम के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाया जाएगा।