पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह की बेटी प्रियंका सिंह अमिताभ बच्चन के रियल्टी शो कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में 13 सवालों का सही जवाब देकर 25 लाख का पड़ाव पार कर चुकी हैं। प्रियंका सिंह एक वकील हैं और ज्यूडिशरी की तैयारी कर रही हैं। उन्हें विश्वास है कि वह जज जरूर बनेंगी।
कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर जब प्रियंका सिंह से अमिताभ बच्चन ने सवाल किया कि आप जज क्यों बनना चाहती हैं। प्रियंका सिंह ने जवाब दिया कि जब वह कोर्ट रूम में जाती हैं और ऊंची कुर्सी पर जज को बैठे देखती हैं तो यही सोचती हैं कि मुझे उस कुर्सी तक पहुंचना है।
अपनी बेटी के इस मुकाम पर पहुंचने पर पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह भी खुद को गौरवांवित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अमर उजाला को बताया कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उन चुनिंदा लोगों में उनकी बेटी भी पहुंची जहां पहुंचने का सपना हर किसी का होता है।
25 लाख रुपये जीतने के बाद जब 50 लाख रुपये के लिए 14वां सवाल अमिताभ बच्चन ने प्रियंका सिंह से पूछा तो उस वक्त उनके पिता सुलखान सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थे। यह पूछे जाने पर कि उनकी बेटी ने कुल कितनी रकम मिली तो उनका जवाब था कि कार्यक्रम के कुछ नियम हैं जिनका उल्लंघन वह नहीं करेंगे। सुलखान सिंह ने कौन बनेगा करोड़पति का यह एपिसोड सोमवार को प्रसारित होगा।