राज्य निर्वाचन आयोग ने 16 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष और इसके तत्काल बाद क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का चुनाव कराने का एलान कर दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए मतदान आठ जनवरी को होने की संभावना है।
जिला पंचायत अध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत प्रमुखों का पद रसूख का माना जाता है। इसके लिए जोड़-तोड़, धनबल और बाहुबल की खुली जोर-आजमाइश पिछले चुनावों में देखी जाती रही है।
आयोग का जल्द चुनाव कराने का फैसला इस मायने में बहुत अहम है। इन चुनावों में जितनी देर होती, जोड़-तोड़ और धनबल-बाहुबल की चुनौती उतनी ही ज्यादा बढ़ती।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने यहां बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतों में जनता से सीधे होने वाले चुनाव की कार्यवाही 15 दिसंबर तक पूरी हो जाएगी। इसके तत्काल बाद आयोग जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी कर देगा। आयोग ने 16 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच चुनाव कराने का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है।