राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। अब त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव व गोंडा के वजीरगंज ग्राम पंचायत के प्रधान व सदस्यों का चुनाव 25 अगस्त को होगा। मतगणना 28 अगस्त को होगी।
ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव पहले 17 अगस्त को प्रस्तावित थे। वोटों की गिनती 20 अगस्त को होनी थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण मतदान की तिथि 17 अगस्त के बजाय 21 अगस्त कर दी गई थी।
मतगणना के लिए 24 अगस्त की तिथि तय की गई थी। अब राज्य निर्वाचन आयोग ने इसमें फिर बदलाव करते हुए शनिवार को दूसरी संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है।
बकरीद का त्यौहार होने के कारण फोर्स की उपलब्धता में असुविधा को देखते हुए मतदान की तिथि 21 अगस्त से बढ़ाकर 25 अगस्त कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि वोटों की गिनती 28 अगस्त को होगी।