बख्शी का तालाब। मां चंद्रिका देवी मंदिर के चारों ओर बाढ़ का पानी अभी भी भरा हुआ है। इस कारण नवरात्र पर मंदिर भक्तों के लिए बंद रहेगा। वे माता रानी के दर्शन नहीं कर पाएंगे। मां चंद्रिका देवी मेला विकास समिति व पुलिस प्रशासन की शुक्रवार को खाटू श्याम मंदिर परिसर में हुई संयुक्त बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा और दुकानदारों की बात सुनने के बाद यह निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष अखिलेश सिंह चौहान व महामंत्री अनुराग तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है। दस अक्तूबर को अमावस्या पर भी दर्शन बंद रहेंगे। श्रद्धालुओं से अपील है कि शारदीय नवरात्र के मौके पर घर पर ही घट की स्थापना करें। इस दौरान अगर बाढ़ का पानी कम होता है और मंदिर तक पहुंचने के रास्ते खुल जाते हैं तो मेला विकास समिति व प्रशासन फैसले पर अगला निर्णय लेगा।