अब बड़ी हस्तियों की तरह आपका भी डाक टिकट जारी हो सकता है। इसके लिए आपके डाक टिकट को जारी करने के लिए प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति का इंतजार नहीं करना होगा।
बस कुछ पल का इंतजार और डिजिटल फोटो के बाद मनचाहा डाक टिकट जारी हो जाएगा। रविवार को इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में सबसे अधिक भीड़ डाक विभाग द्वारा लगाए गए माई स्टांप काउंटर पर रही।
इसकी खासियत यह थी कि आम आदमी भी आसानी से अपना डाक टिकट कुछ पल में जारी करवा सकता है। डाक विभाग के फिलेटली विभाग के इंचार्ज रमेश चंद्रा ने बताया कि लोगों को बहुत लालसा थी कि बड़ी हस्तियों की तरह उनका भी डाक टिकट हो।
इसके लिए डाक विभाग ने विशेष प्रकार का डाक टिकट बनाया है, जिसमें चार तरह के टिकट बनाए जा सकेंगे। इसमें प्रमुख रूप से फोटोयुक्त, फूल और राशि के आधार पर टिकट है। एक स्टांप शीट पर बारह टिकट होंगे, जिसके लिए 300 रुपये अदा करने पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि इसमें फोटोयुक्त टिकट के लिए व्यक्ति की तुरंत डिजिटल फोटो खींची जाएगी और उसे कंप्यूटर से टिकट के रूप में लाकर तय राशि के कार्ड पर चस्पा कर दिया जाएगा।
इसके बाद डाक टिकट तैयार हो जाएगा और उसकी मदद से कोई भी चिट्ठी आसानी से कहीं भी भेज सकते हैं। अगर कोई अपना खुद का डाक टिकट बनवाना चाहता है।
तो हजरतगंज स्थित जीपीओ में रोज सुबह दस से शाम पांच बजे के भीतर पहुंचकर इस अनोखी सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
इस मौके पर इनर व्हील की तरफ से बच्चों के लिए हॉर्स राइडिंग, चॉकलेट रेस, क्राफ्ट, टैटू मेकिंग की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।