लखनऊ के बीकेटी के रैथा रोड पर स्थित चकगंजगिरि गांव में रविवार आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने देसी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने ठेके के सेल्समैन को पकड़कर मारपीट की तो पड़ोस में सो रहा कैंटीन संचालक उनसे भिड़ गया। बेखौफ बदमाशों ने कैंटीन संचालक को गोली मार दी और उसके साथी को लाठी-डंडों से पीटा। करीब 15 मिनट बवाल करने के बाद बदमाश ठेके का गल्ला लूटकर भाग गए।
सूचना पाकर आई पुलिस ने ठेके के दो सेल्समैन, कैंटीन संचालक व उसके कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ितों ने सात-आठ बदमाशों के डकैती डालने की जानकारी दी है। जबकि पुलिस शराब खरीदने को लेकर आपस में मारपीट की घटना बताकर वारदात को हलका करने में जुटी रही। इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह ने बताया कि ठेके के मैनेजर उन्नाव के पीतांबर नगर निवासी मनीष सिंह ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की कोशिश और मारपीट की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है।
सेल्समैन चिनहट के मल्हौर निवासी राजेंद्र जायसवाल ने बताया कि रात को वह दूसरे सेल्समैन रायबरेली के गुरुबख्सगंज निवासी रमेश कुमार यादव के साथ ठेके में सो रहा था। रात करीब पौने तीन बजे रमेश लघुशंका के लिए बाहर निकला तो सात-आठ बदमाशों ने उसे दबोचकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर राजेंद्र व पड़ोस में स्थित कैंटीन संचालक बहराइच के हुजूरपुर निंबोईकला गांव के राजेश कुमार यादव व कर्मचारी बहराइच के विसेसरगंज निवासी अवधेश यादव की नींद टूट गई। राजेश ने बदमाशों को मारपीट करते देखा तो शोर मचाते हुए उनसे भिड़ गया। एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया।
उसके पेट के बायें हिस्से व बायें हाथ पर छर्रे लगे हैं। इस बीच बदमाशों के साथी ठेके में घुस गए और गल्ले में रखा रुपया, रमेश का मोबाइल, कलाई घड़ी व जेब में रखे रुपये निकाल लिए। इसके बाद बदमाश असलहे लहराते हुए भाग गए। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है।