लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर डी के ठाकुर।
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर डी के ठाकुर ने बुधवार को कार्यालय पहुंचकर नए पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने पूर्व पुलिस कमिश्नर लखनऊ सुजीत पांडेय की मौजूदगी में सभी औपचारिकताएं पूरी की।
बता दें कि जहरीली शराब कांड में सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार देर रात लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय को हटा दिया था। एटीएस के एडीजी डीके ठाकुर को लखनऊ का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया।
सुजीत पांडेय को सीतापुर स्थित एटीसी का एडीजी बनाया गया है। लंबे अरसे तक सीबीआई में प्रतिनियुक्ति पर रहने के बाद वापस लौटकर प्रतीक्षारत चल रहे 1997 बैच के आईपीएस जीके गोस्वामी को एटीएस का नया आईजी बनाया गया है। जबकि प्रतीक्षा में चल रहे 1995 बैच के आईपीएस राजकुमार को पुलिस मुख्यालय में एडीजी कार्मिक के पद पर तैनाती दी गई है।
डी के ठाकुर लखनऊ के दूसरे पुलिस कमिश्नर हैं। पहले पुलिस कमिश्नर के रूप में सुजीत पांडेय याद किए जाएंगे।