लखनऊ। विभूतिखंड इलाके में रविवार सुबह साइकिलिंग करने निकले रियल एस्टेट कारोबारी अरुण यादव (44) की कार की टक्कर से मौत हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चालक सिद्धांत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर विभूतिखंड उपेंद्र सिंह के अनुसार, मूलरूप से अंबेडकरनगर के अहिरौली के प्रतापपुर चमुर्खा के अवधी का पुरवा के रहने वाले अरुण यादव विभूतिखंड के वास्तुखंड में पत्नी विनीता, बेटी और बेटे के साथ रहते थे। अरुण के भाई और यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल वरुण के अनुसार, रविवार सुबह अरुण रोज की तरह साइकिलिंग के लिए निकले थे। रास्ते में कठौता झील के पास तेज रफ्तार कार उनकी साइकिल से टकरा गई। अरुण काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अरुण और कार चालक सिद्धांत को राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अरुण के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें अरुण की मौत की जानकारी हुई। उनके परिवार में पत्नी विनीता यादव और एक बेटा व बेटी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि कार चालक की हालत भी गंभीर है। उसके परिजनों के बारे में पता लगाया जा रहा है। हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।