लखनऊ। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में एल्युमिनाई एसोसिएशन की ओर से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक पहल करते हुए साइकिल बैंक की स्थापना की जा रही है। एसोसिएशन की ओर से 50 साइकिल इस बैंक के लिए दी जाएंगी। इनको विवि के शिक्षकों, पूर्व छात्रों व विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से प्राप्त किया गया है। रविवार को विवि में एल्युमिनाई मीट के दौरान इसका उद्घाटन किया जाएगा।
मालूम हो कि बीबीएयू में प्रत्येक बुधवार को नो-व्हीकल डे मनाया जाता है। कैंपस को क्लीन व ग्रीन रखने के उद्देश्य से इस कवायद को और विस्तार दिया जा रहा है। एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रो. शिल्पी वर्मा ने बताया कि यह सभी साइकिल लाइब्रेरी के पास उपलब्ध होंगी। विवि आने वाले शिक्षक, अधिकारी या छात्र इसे एक निर्धारित टोकन से प्राप्त कर सकेंगे। दिन भर इसका प्रयोग कर वे कैंपस से जाते वक्त इसे जमा कर देंगे। सामान्य दिनों में भी जो चाहे इसका प्रयोग कर सकता है। इसको मेंटेन कराने का काम विवि के सहयोग से किया जाएगा। इन साइकिल में कुछ विशेष टैग या लोगो लगा होगा ताकि इन्हें आसानी से पहचाना जा सके। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की ओर से 28 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ सभागार में एल्युमिनाई मीट का आयोजन किया जा रहा है। इसके मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव संस्कृति व पर्यटन मुकेश मेश्राम होंगे। इसी दौरान इस योजना की शुरुआत भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि एल्युमिनाई मीट आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्रों और विवि के बीच बेहतर संबंध को बनाए रखना है। इसके माध्यम से पूर्व छात्रों को जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है। पूर्व छात्राें का मार्गदर्शन व सहयोग भी लिया जाएगा। आयोजन एल्युमिनाई सेल के चेयरमैन प्रो. डीआर मोदी, एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेंद्र कुमार आदि के सहयोग से किया जा रहा है।