सेवानिवृत्त इंजीनियर के खाते से रुपये उड़ाए, शिकायत पर दौड़ाते रहे बैंक अफसर
विकासनगर के विनायकपुरम निवासी आकाशवाणी से सेवानिवृत्त सहायक इंजीनियर राय रणजीत प्रसाद (74) के बैंक ऑफ महाराष्ट्र स्थित खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए।
बुजुर्ग शिकायत लेकर बैंक पहुंचे तो वहां मदद करने के बजाए अफसर उन्हें कई दिन तक दौड़ाते रहे। उन्होंने बैंक अफसरों पर रुपये निकालने में मिलीभगत का शक जताते हुए केस दर्ज कराया है।
पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वह दो फरवरी को लेखराज पन्ना मार्केट स्थित एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए थे।
एटीएम बूथ के भीतर जाते ही एक बदमाश आया और खुद को चौकीदार बताते हुए मशीन खराब होने की बात कही व उन्हें आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर ले गया।
वहां उन्होंने रुपये निकालने के लिए डेबिट कार्ड लगाया तो बदमाश ने फिर टोका। उसने मशीन खराब होने की बात कहते हुए ट्रांजेक्शन निरस्त करने का बटन दबाने को कहा।
वह कार्ड लेकर बाहर आ गए। इस बीच बदमाश फिर उनके पास आया और मशीन ठीक होने की जानकारी देते हुए रुपया निकालने को कहा।
कुछ देर बाद बुजुर्ग के मोबाइल नंबर पर 20 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया तो उनके होश उड़ गए।
बैंक ने 26 मार्च को मामले की गहराई से जांच और सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के शुल्क के रूप में बुजुर्ग से 590-590 रुपये जमा कराए, लेकिन फुटेज दी न ही रुपया लौटाया।