साइबर अटैक के चलते बढ़ गया ट्रैफिक, दिक्कतें बनी रहीं
लखनऊ। परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल पर पाकिस्तान व चीन के साइबर हमलों की सूचना से हड़कंप मच गया है। पिछले तीन दिनों से सर्वर ठप होने की समस्या बुधवार को भी बनी रही। इससे डीएल आवेदकों को बैरंग ही वापस लाैटना पड़ा।
हालांकि इस मामले में पोर्टल को ऑपरेट करने वाले यूपी एनआईसी के अफसरों ने माैन धारण कर लिया है। हैदराबाद से आई सूचना के अनुसार साइबर अटैक की वजह से पोर्टल पर पहले जहां पांच हजार का ट्रैफिक रहता था, वह बढ़कर 95 हजार पहुंच गया है। इसकी वजह से सारथी पोर्टल को डाउन करना पड़ रहा है। सही सूचना नहीं मिलने से आवेदकों की परेशानियां बनी हुई हैं। दरअसल, एनआईसी सर्वर पर परिवहन विभाग का सारथी पोर्टल चलता है। इस पर ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य कार्य होते हैं। पिछले दो दिनों से यह सर्वर पूरी तरह ठप पड़ा रहा, जिससे आवेदकों को खासी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बुधवार को भी सर्वर की समस्या बरकरार रही। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि वह एक अभियान के तहत हो रही कार्रवाई को लेकर प्रयागराज में हैं। जहां सर्वर धीमा होने की वजह से आरटीओ कार्यालय में काम बाधित हो रहा है। उन्होंने शाहजहांपुर में भी ऐसी समस्याएं होने की बात कही। एनआईसी को पत्राचार किया गया है। आवेदकों की समस्याओं को लेकर उनको अवगत कराया गया है। साइबर अटैक की सूचना पर उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही है। इस मामले में एनआईसी के वरिष्ठ निदेशक पीयूष श्रीवास्तव से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हुई। कई आवेदकों और अफसरों ने भी उनको फोन किया लेकिन उठा नहीं।