लखनऊ। काकोरी में ठगी के शिकार हुए 131 ग्राहकों ने शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस चौकी के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्राहकों ने बैंक नहीं खुलने दिया। पुलिस ने जल्द ही ठगी की रकम वापस दिलाने का आश्वासन देकर ग्राहकों को शांत कराया और करीब 40 मिनट तक चले धरने को खत्म कराया।
प्रदर्शन में शामिल मुबारकपुर, गुरदीन खेड़ा, कस्बा, चिलौली, बिगहू ने कहा कि बैंक से अधिकृत ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक नरेंद्र कुमार ने उनके लाखों रुपये हड़प लिए। इसकी जानकारी होने पर बैंक प्रबंधन ने केंद्र तो बंद करा दिया, मगर उनकी ठगी गई रकम वापस नहीं लौटाई। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी वे प्रदर्शन कर चुके हैं, बैंक प्रबंधन ने सिर्फ आश्वासन दिया। पहले दो फरवरी को रकम लौटाने की बात कही थीए मगर अभी तक कुछ नहीं होने पर वे प्रदर्शन करने के लिए विवश हो गए। अब बैंक प्रशासन ने 17 फरवरी तक रकम लौटाने का समय मांगा है।
चौकी इंचार्ज एसआई मिथलेश सिंह ने बताया कि नाराज ग्राहकों ने कुछ समय के लिए बैंक नहीं खुलने दिया था। लोगों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत कर दिया गया। वहीं, आरोपी नरेंद्र के खिलाफ दर्ज एफआईआर की तफ्तीश चल रही है।