लखनऊ। देश के अलग-अलग प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए होने वाले कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट (सीयूईटी) का आयोजन इस बार 11 से 31 मई तक होगा। इस संबंध में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपनी वेबसाइट https://cuet.nta.nic.in/ पर नोटिफिकेशन अपलोड कर दिया है। इच्छुक विद्यार्थी परीक्षा में बेहतर अंक ला सकें इसके लिए वह अभी से तैयारी कर सकते हैं। वहीं परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 31 मार्च के बाद जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट पर नजर बनाएं रखें। ऑनलाइन मोड में होने वाली इस परीक्षा में कैसे सवाल आएंगे इस संबंध में भी एनटीए की वेबसाइट पर जानकारी दी गई है।
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. यशवंत वीरोदय ने बताया कि सीईयूटी में मेरिट के अनुसार विश्वविद्यालय प्रवेश लेगा। ऐसे में जो विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं वह अभी से अपनी तैयारी करेंगे तो परिणाम बेहतर होंगे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने कहा कि बीबीएयू में सीयूईटी के माध्यम से ही प्रवेश प्रक्रिया पिछले साल की तरह ही शुरू होगी। ऐसे में मेरिट अहम होगी। इसलिए विद्यार्थियों को सलाह है कि अभी से तैयारी शुरू करें।