लखनऊ। दिल की नस पूरी तरह से बंद है तो कई बार एंजियोप्लास्टी मुमकिन नहीं होती। ऐसे में बाईपास सर्जरी करनी पड़ती है। क्रॉनिक टोटल ऑक्लूजन (सीटीओ) की इंटरवेंशन तकनीक से हम बंद नस भी खोल सकते हैं। राजधानी में शुक्रवार से शुरू हो रही इंडो-जैपनीज बैठक की प्रेसवार्ता में बृहस्पतिवार को डॉ. पीके गोयल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इंटरवेंशन तकनीक में विशेषज्ञता हासिल कर डॉक्टर एंजियोप्लास्टी से ही बंद नस खोल सकते हैं। इसी विशेषज्ञता को बढ़ाने के लिए हमने शुरुआत की है, जिससे बाकी डॉक्टर भी इस तकनीक में दक्ष हों। 30 मई से 1 जून तक चलने वाले कार्यक्रम में भारत और जापान के शीर्ष हृदय रोग विशेषज्ञ हर साल मीटिंग के माध्यम से विभिन्न केसों और उनके इलाज पर अनुभव साझा करेंगे।