लखनऊ। ठाकुरगंज स्थित विशाल सिटी बेगरिया निवासी आर्यन वर्मा (23) का शव मंगलवार शाम मेहंदीघाट के पास नदी में उतराता मिला। आर्यन रविवार शाम से लापता थे और ठाकुरगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज थी। परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है।
आर्यन के भाई आकाश के मुताबिक आर्यन ने बीते साल आईटीआई किया था। रविवार शाम वह घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। उनका फोन भी बंद जा रहा था। काफी तलाश के बाद भी उनका कुछ पता चलने पर सोमवार को मां अपूर्वा ने ठाकुरगंज थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार शाम ठाकुरगंज स्थित मेहंदीघाट के पास आर्यन का शव नदी में उतराता मिला। पुलिस की सूचना पर आर्यन के परिजनों ने शव की पहचान की।
आकाश का कहना है कि कुछ दिन पहले दुबग्गा स्थित घैला पुल के पास आर्यन का कुछ साथियों से झगड़ा हुआ था। आशंका है कि उसी विवाद के चलते आर्यन को मारपीट कर नदी में फेंक दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। आर्यन के पिता अरुण वर्मा जल संस्थान में कर्मचारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना आया है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की है।